मंत्री रामविचार नेताम पर आपत्तिजनक टिप्पणी:भाजपा-भाजयुमो ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर की मांग की

मंत्री रामविचार नेताम पर आपत्तिजनक टिप्पणी:भाजपा-भाजयुमो ने आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर की मांग की

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री और रामानुजगंज विधानसभा के विधायक रामविचार नेताम के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इस टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। मामले को लेकर रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न थानों में आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने की मांग की जा रही है। शनिवार देर शाम विजयनगर चौकी में भाजयुमो के वरिष्ठ नेता पवन कश्यप और जनपद सदस्य लड्डू कश्यप के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपत्ति दर्ज कराई। इसी क्रम में रामचंद्रपुर थाना में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता और जिला पंचायत के सभापति मुंशी सिंह, जनपद अध्यक्ष मुद्रिका सिंह के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। रविवार को रामानुजगंज थाना में भाजयुमो के वरिष्ठ नेता अश्वनी गुप्ता के नेतृत्व में पार्षद सुमित गुप्ता, सिद्धांत यादव, आकाश तिवारी, आकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता पहुंचे और आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस अवसर पर भाजयुमो नेता अश्वनी गुप्ता ने कहा कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम क्षेत्र के विकास पुरुष हैं, जो निरंतर जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके विरुद्ध इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी कर उनकी छवि खराब करने का सुनियोजित षड्यंत्र किया जा रहा है, जिसे भाजपा और भाजयुमो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया की स्वतंत्रता के नाम पर किसी जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाना निंदनीय है। अश्वनी गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए विवश होगी। भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि इससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की टिप्पणी करने से पहले सोचने पर मजबूर होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *