थाना सदर यमुनानगर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कार की टक्कर से बाइक सवार नीचे गिर गया, जिससे गाड़ी का पहिला उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विपिन कुमार (35 वर्ष) पुत्र बरखा राम, निवासी गांव खंडवा, थाना सदर यमुनानगर के रूप में हुई है। वह लार्क इंजीनियरिंग फैक्ट्री सुढैल में काम करता था और काम से लौट रहा था। मामा कर रहा था भांजे का इंतजार पुलिस ने मृतक के मामा की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के मामा सुभाष चंद पुत्र बाबूराम, निवासी गांव हरनौल ने बताया कि रात करीब 10 बजे वह खंडवा पोल्ट्री फार्म के पास अपने भांजे विपिन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान विपिन कुमार अपनी स्पलेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर खंडवा मोड़ की तरफ पहुंचा। इसी दौरान पीछे से आई मारुति ऑल्टो कार के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए विपिन की मोटरसाइकिल को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सिर के ऊपर से गुजरा गाड़ी का टायर टक्कर लगते ही विपिन सड़क पर गिर गया और कार का टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक कुछ दूरी पर रुक गया, लेकिन मौके पर भीड़ एकत्र होने पर वह भीड़ का फायदा उठाकर अपनी कार सहित फरार हो गया। सुभाष चंद ने कार का नंबर नोट कर लिया। घटना की सूचना किसी राहगीर द्वारा पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की व्यवस्था कर मृतक के शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में भिजवाया गया। इसके बाद परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की कर रही तलाश शिकायतकर्ता ने बताया कि हादसे में मृतक की मोटरसाइकिल को भी काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने अज्ञात कार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना सदर यमुनानगर के जांच अधिकारी बलविंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


