जालंधर शहर में भी देर रात करीब 9 बजे अचानक घना कोहरा छा गया, जिससे विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। इसी दौरान डीएवी कॉलेज के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक कार अनियंत्रित होकर गंदे नाले में जा फंसी। गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। घटना जालंधर के डीएवी कॉलेज के नजदीक की है, जहां देर रात घने कोहरे के कारण सड़क पर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। अचानक विजिबिलिटी कम होने से चालक को सड़क का अंदाजा नहीं लग पाया और कार गंदे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गंदे नाले में चली गई कार मामले की जानकारी देते हुए परविंदर सिंह ने बताया कि कोहरा इतना घना था कि कुछ दूरी पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी वजह से स्विफ्ट कार सीधे नाले में चली गई। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते लोगों की मदद न मिलती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे हादसे के समय कार में दो लोग सवार थे। दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि दोनों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई। घने कोहरे के नाते हुआ हादसा परविंदर सिंह ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप भी लगाए। उनका कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां सड़क पर कोई भी रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। घने कोहरे के दौरान रिफ्लेक्टर न होने के कारण वाहन चालकों को सड़क की दिशा का सही अंदाजा नहीं हो पाता, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।


