नर्मदापुरम में ट्रॉली में घुसी गाड़ी, 3 छात्रों की मौत:दो मृतक आपस में चचेरे भाई; कोचिंग से घर लौट रहे थे, लोगों में आक्रोश

नर्मदापुरम में ट्रॉली में घुसी गाड़ी, 3 छात्रों की मौत:दो मृतक आपस में चचेरे भाई; कोचिंग से घर लौट रहे थे, लोगों में आक्रोश

नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर क्षेत्र में करणपुर के पास धान से भरी खड़ी ट्रॉली से छात्रों की गाड़ी टकरा गई। हादसे में कक्षा 9वीं के तीन नाबालिग छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। सड़क पर खून फैल गया, जिसे देखकर मौके पर पहुंचे लोगों में शोक और स्तब्धता फैल गई। मृतक तीनों छात्र ग्राम आमदेही के निवासी थे और रघुवंशी समाज से संबंध रखते थे। इनमें दो छात्र आपस में चचेरे भाई थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शवों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। बड़ी संख्या में रघुवंशी समाज के लोग अस्पताल पहुंचे। मौके पर तहसीलदार नीरू जैन, सोहागपुर थाना प्रभारी ऊषा मरावी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र रघुवंशी सहित पुलिस बल मौजूद रहा। तीनों शवों को मर्चुरी में रखवाया गया है। सेंट पेट्रिक स्कूल छात्र, रोज आते थे कोचिंग
जानकारी के मुताबिक एक्सीडेंट में जान गंवाने वाले नाबालिग छात्र अश्विन पिता ललित रघुवंशी, शिव पिता रामेश्वर रघुवंशी, मनुराज पिता प्रवीण रघुवंशी तीनों निवासी ग्राम आमदेही है। यह सोहागपुर की सेंट पेट्रिक स्कूल में कक्षा 9वीं के स्टूडेंट्स थे। रोजाना वे आमदेही से 5 किमी दूर सोहागपुर आते थे। शनिवार रात 8.30 बजे वे कोचिंग से घर लौट रहे थे। ग्राम करणपुर चौधरी पेट्रोल पंप के पास ओला स्कूटी एवं धान से भरी ट्रॉली बीच जा टकराई। जिसमें ओला स्कूटी में सवार तीनों नाबालिग छात्रों की मौके पर मौत हो गई। ट्रॉली से टकराने की दूसरी घटना, रेडियम लगाने की मांग
सोहागपुर क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर ट्रॉली से टकराने की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले शोभापुरा के पास एक कार धान से भरी ट्रॉली से टकरा गई थी, जिसमें कार सवार युवक गंभीर रूप से फंस गए थे और उन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया था। क्षेत्र में इन दिनों बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से धान का परिवहन किया जा रहा है। ट्रॉलियों के पीछे रेडियम और पर्याप्त लाइट न होने के कारण रात के समय हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रॉलियों में अनिवार्य रूप से रेडियम और लाइट लगाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *