सीतापुर में नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार शाम को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रामकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत इलसिया पार्क के समीप दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे एक बाइक सवार युवक को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाइक तेज रफ्तार में हाईवे पर चल रही थीं। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे एक युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। हादसे में मृत युवक की पहचान अंबिका प्रसाद पुत्र शिवराज वर्मा निवासी मोहिद्दीनपुर के रूप में हुई है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है और उनका उपचार जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। सूचना मिलते ही रामकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


