पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड ने अपना शिकंजा कस लिया है। मुरादाबाद समेत पूरे इलाके में देर शाम ढलते ही घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हाईवे हों या शहर की मुख्य सड़कें, हर जगह रफ्तार थमी हुई नजर आ रही है। वाहन चालक हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर कोहरे की वजह से जाम जैसे हालात भी बन रहे हैं, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। मुरादाबाद से होकर गुजरने वाली अधिकांश यात्री ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। इसका सीधा असर मुरादाबाद जंक्शन पर दिखाई दे रहा है, जहां प्लेटफॉर्म से लेकर वेटिंग हॉल तक यात्रियों की भारी भीड़ जुटी हुई है।
यात्री घंटों से ट्रेनों का इंतज़ार करते नजर आ रहे हैं। कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट जाने के कारण उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों तक घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने खासतौर पर सुबह और देर रात के समय सतर्कता बरतने की सलाह दी है।


