कोटा जिले के सुकेत थाना क्षेत्र के हिरियाखेड़ी स्थित फोरलेन लेन पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो अन बैलेंस होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने वाहन से लोगों को बाहर निकाला। पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूरों को झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 11:30 बजे हुई। बोलेरो में सवार सभी मजदूर सुकेत से चेचट में खान में मजदूरी के लिए जा रहे थे। बोलेरो का साफ्ट नीचे लटक रहा था। अचानक से साफ्ट रोड़ पर टच हो गया। उसी समय ड्राइवर ओवर टेक कर रहा था। इस कारण गाड़ी अनबैलेंस होकर पलट गई। सुकेत थाना ASI झाबर सिंह ने बताया की बोलेरो पुराने मॉडल की है। गाड़ी में बैठकर लोग खान पर मजदूरी के लिए जा रहे थे। रास्ते में ब्रेक नहीं लगने से गाड़ी अनबेलेंस होकर पलट गई। एक मजदूर गंभीर घायल हुआ है। बाकि के हल्की चोट आई है। सभी मजदूर सुकेत से चेचट जा रहे थे। गाड़ी में 10 से ज्यादा लोग सवार थे।


