कुशीनगर में 6 करोड़ की लागत से विद्युत उपकेंद्र तैयार:सांसद विजय दुबे ने किया शिलान्यास, 45 गांवों को मिलेगी बिजली

कुशीनगर जिले के कप्तानगंज प्रतापगढ़ मार्ग पर लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया गया है। कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया। इस उपकेंद्र की क्षमता 33/11केवी है। कप्तानगंज क्षेत्र के अंतर्गत कप्तानगंज अस्पताल मार्ग पर कारीतिन के समीप यह विद्युत उपकेंद्र एक वर्ष पहले से बनाया जा रहा था, जो अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। इस उपकेंद्र से कुल 45 गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाएगी। सांसद विजय कुमार दुबे ने बताया कि इस विद्युत उपकेंद्र का मुख्य उद्देश्य गांवों को सही और सुचारू रूप से बिजली उपलब्ध कराना है। इसके चालू होने से गांवों में आए दिन होने वाली लो वोल्टेज की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले ज्यादातर शहरों में सुचारू रूप से बिजली मिलती थी, लेकिन अब इस उपकेंद्र के माध्यम से प्रत्येक गांव को भी नियमित और पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। इस कार्यक्रम में रामकोला से विधायक विनय प्रकाश गौंड, उप खंड अधिकारी विद्युत रूपेश कुशवाहा, रामानुज मिश्रा, संजय यादव, बैजनाथ गुप्ता, हरेराम गुप्ता, जयप्रकाश उपाध्याय सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता और विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *