चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के जबेर गांव में एक नवविवाहिता का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष ने मृतक की सास और ननद पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहार ससुराल पक्ष फरार है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय प्रभा कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी चार महीने पहले संतु भारती से हुई थी। प्रभा का मायका सदर थाना क्षेत्र के रक्सी गांव में है। मृतका के पिता नंदकिशोर भुईयां और बहन ललिता देवी के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले दो लाख रुपए दहेज की मांग कर रहे थे। प्रभा की बहन ललिता देवी ने बताया कि सास सुनीता देवी और ननद रवंती देवी उसे लगातार प्रताड़ित करती थीं। उन्होंने प्रभा को धमकी दी थी कि जब तक वह मायके से दो लाख रुपए नहीं लाएगी, उसे घर में नहीं रहने दिया जाएगा। प्रभा ने अपने पति संतु भारती को भी यह बात बताई थी, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। मायके वाले ससुराल पहुंचे तो घर पर लगा था ताला
परिजनों को शुक्रवार शाम फोन पर सूचना मिली कि प्रभा ने फांसी लगा ली है। जब वे ससुराल पहुंचे, तो घर में ताला लगा पाया और ससुराल वाले फरार थे। मृतका के भाई ललन कुमार भारती ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर उसे फंदे से लटकाया गया है और साक्ष्य मिटाने के लिए पूरा परिवार फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर इटखोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को सीलिंग फैन से नीचे उतारा और शव पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार थाना प्रभारी ने बताया कि शव को सीलिंग फैन से लटका हुआ पाया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मायके पक्ष द्वारा दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना के बाद से रक्सी और जबेर दोनों गांवों में मातम और आक्रोश का माहौल है।


