जौनपुर में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि जनपद की सभी नौ विधानसभाओं में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 18 जनवरी को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची का वाचन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 10:45 बजे से शाम 4:15 बजे तक चलेगा। इस दौरान ग्राम प्रधान, सभासद, वार्ड सदस्य और बूथ लेवल एजेंटों की उपस्थिति में बीएलओ मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करना है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह मौके पर ही फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन सभी पात्र नागरिकों से अपील की है, जो 1 जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 फरवरी निर्धारित की गई है। इसके लिए 17 व 18 जनवरी और 31 जनवरी व 1 फरवरी को विशेष अभियान चलाए जाएंगे। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और किसी भी प्रकार के संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी नजर रखने के लिए सुपरवाइजरों और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी स्वयं बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।


