65 साल के दिलावर की दो पत्नी, एक 25 साल:केमेस्ट्री पढ़ी बेटी बनी ड्रग फार्मूला की मास्टरमाइंड, पिता-पति के कारोबार में अहम भूमिका

65 साल के दिलावर की दो पत्नी, एक 25 साल:केमेस्ट्री पढ़ी बेटी बनी ड्रग फार्मूला की मास्टरमाइंड, पिता-पति के कारोबार में अहम भूमिका

रतलाम जिले के चिकलाना क्षेत्र में दिलावर खान के जिस मकान में पुलिस ने एमडी ड्रग बनाने का कारखाना पकड़ा है, वह करीब 20 हजार स्क्वेयर फीट में फैला हुआ है। इस मकान में चार अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं और चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। जांच में सामने आया है कि दिलावर खान की बेटी बखमीना, जो याकूब खान की पत्नी है, केमेस्ट्री की छात्रा रह चुकी है। पुलिस के अनुसार एमडी ड्रग बनाने के फार्मूले की मास्टरमाइंड वही है। ड्रग निर्माण से लेकर पूरे अवैध कारोबार में उसकी अहम भूमिका बताई जा रही है, जिसमें उसके पति और पिता भी शामिल थे। बताया गया है कि बखमीना राजस्थान के देवलजी में भी अपने पति के एमडी ड्रग के नेटवर्क को संभालती थी। उसका पति याकूब खान गुजरात पुलिस का मोस्ट वांटेड फरार आरोपी बताया जा रहा है, जो लंबे समय से अपने ससुराल चिकलाना में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उसे घर के भीतर से गिरफ्तार कर लिया है। दोहरी पहचान के नाम पर छल दिलावर खान ने अपने मकान के बाहर दो अलग-अलग नेम प्लेट लगा रखी थीं। एक नेम प्लेट में उसने अपने नाम के साथ जय भीम, जय भारत लिखते हुए खुद को अखिल भारतीय अनुसूचित जाति युवजन समाज का संभाग अध्यक्ष बताया था। वहीं दूसरी नेम प्लेट में उसने खुद को पत्रकार बताया था। साथ ही मकान को इस तरह तैयार किया गया था कि उसमें चार अलग-अलग प्रवेश और निकास रास्ते थे। हर रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगे थे, ताकि आने-जाने वालों पर लगातार नजर रखी जा सके। ग्रामीणों को पहले से ही जानकारी थी कि दिलावर खान अनैतिक गतिविधियों में लिप्त है, लेकिन उसका इतना भय था कि कोई खुलकर विरोध या शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जब परिवार के सदस्यों को हिरासत में लिया जा रहा था, तब गांव में लोगों ने जय-जय श्रीराम के नारे लगाए। रात ढाई बजे दबिश, महिलाओं ने किया विरोध पुलिस ने गुरुवार रात करीब ढाई बजे मकान की दीवारों पर सीढ़ी लगाकर अंदर प्रवेश किया। इस दौरान घर की महिलाओं ने विरोध किया और पुलिस के साथ झूमाझटकी तक की स्थिति बन गई। पुलिस ने इस मामले में दिलावर खान समेत उसकी पत्नी, बेटे, बहू और नौकर सहित कुल 16 लोगों को आरोपी बनाया है। सभी के खिलाफ एमडी ड्रग निर्माण और अवैध गतिविधियों से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। 65 साल का दिलावर, 25 साल की पत्नी मुख्य आरोपी दिलावर खान ने वर्ष 2023 में जावरा विधानसभा सीट से आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ा था। 65 वर्षीय दिलावर की दो शादियां सामने आई हैं। उसकी पहली पत्नी की उम्र करीब 62 साल बताई जा रही है, जबकि दूसरी पत्नी महज 25 साल की है। दूसरी पत्नी से उसका एक साल का बेटा भी है। गांव वालों को दोनों शादियों की जानकारी थी, लेकिन डर के कारण कोई खुलकर बोलने को तैयार नहीं था। पुलिस जांच में दोनों पत्नियां सामने आने के बाद उन्हें भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस की वर्दी और आर्मी रायफल का आईडी कार्ड मिला पुलिस की दबिश के दौरान दिलावर के घर से पुलिस की वर्दी भी बरामद हुई है, जिस पर दो स्टार लगे हुए हैं। इसके अलावा इंडियन आर्मी रायफल से संबंधित एक आईडी कार्ड भी मिला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये वर्दी और पहचान पत्र किसके हैं और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था। पुलिस ने बताया कि जब रात के समय मकान पर दबिश दी गई, उस वक्त एमडी ड्रग बनाने का काम चल रहा था। पुलिस को देखकर आरोपियों ने ड्रग पाउडर को लिक्विड में मिलाकर नष्ट करने की कोशिश की, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। हालांकि पुलिस ने मौके से उस लिक्विड को भी जब्त कर लिया है और उसकी जांच कराई जा रही है। पत्नी, बेटा, दामाद, नौकर समेत 16 आरोपी गांव के लोगों व पुलिस की माने तो दिलावर के खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक केस दर्ज है। हालांकि कई मामले में वह बरी हो चुका है। पुलिस ने जिन 16 लोगों को आरोपी बनाया है उनमें घर के सभी सदस्य शामिल है। जिनमें मुख्य रूप से दिलावर खान, उसकी दोनों पत्नियां, दो बेटे, भतीजा, दामाद शामिल है। 1985-86 में दिलावर गांव के वरिष्ठ रुघनाथ धाकड़ की हत्या भी कर चुका है। गांव में एक दबंग के रूप में वह रहता है। परिवार की भी गांव में दबंगई है। जमीनें हड़पने का काम चिकलाना के सरपंच प्रतिनिधि गड्‌डूसिंह चंद्रावत बताते है कि दिलावर खान शुरू से आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। 18 से 19 केस है। पूर्व में धाकड़ समाज के रुघनाथजी का मर्डर कर रखा है। जुआ, सट्‌टा, समेत कई गतिविधियों में शामिल रहा। 2023 में गांव में भगवान देवनारायण के जुलूस को मस्जिद के बाहर से निकलने के दौरान इसने और इसके भतीजे इमरान ने रोका था। पत्थरबाजी भी की थी। गांव में इसका खौफ था। ब्याज से पैसा चलाना। एक का दस से 20 गुना वसूलने समेत कई लोगों की जमीने हड़प रखी है। बहुत सारी गतिविधि में पूरा परिवार शामिल है। एक बार पंचायत द्वारा इसे नोटिस दिया था मेरे ऊपर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई की है तो गांव के लोग खुशी मना रहे है। पूर्व में इससे प्रताड़ित होकर 10 से 20 लोग गांव छोड़कर भी चले गए है। बड़ी-बड़ी गाड़ियां इसके यहां आती है। दामाद याकूब ससुराल में फरारी काट रहा था पुलिस ने दिलावर के मकान में से 42 किलो एमडी के मामले में गुजरात पुलिस का मोस्ट वाटेंड फरार याकूब पिता फकीरगुल खान निवासी देवलदी जिला प्रतापगढ़ राजस्थान को इसकी पत्नी बखमीना के साथ घर के अंदर से पकड़ा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार याकूब के बारे में जानकारी लगी है कि इसने देवलदी में गुजरात पुलिस की दबिश के दौरान एक साल पहले पुलिस पर फायर कर भाग गया था। तब से यह फरार चल रहा है। इसके बारे में गुजरात व राजस्थान पुलिस से भी जानकारी रतलाम पुलिस जुटाने की बात कह रही है। घर के अंदर गाड़ियों का मिला काफिला दिलावर खान के घर में कई लग्जरी गाड़ियां मिली हैं, जिनमें एक स्कार्पियों, XUV 700, दो जीप, एक गुजरात पासिंग बोलेरो, ट्रैक्टर भी मिला है। पुलिस को तलाशी के दौरान स्कार्पियों व XUV 700 के अंदर रखी हुई एमडी भी मिली है। पुलिस इन दोनों गाड़ियों को जब्त कर कालूखेड़ा थाने पर लाकर खड़ी कर दी है। एनसीबी की टीम भी पहुंची रतलाम पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इंदौर (एनसीबी) की टीम भी गुरुवार दोपहर कालूखेड़ा थाना पहुंची। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। राज्य पुलिस की पहली कार्रवाई इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए एसपी अमित कुमार के निर्देशन में रतलाम सिटी एएसपी राकेश खाखा, ग्रामीण एएसपी विवेक कुमार लाल, जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय शामिल रहे। अधिकारियों ने 12 थानों के थाना प्रभारियों व पुलिस बल के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया। गुरुवार रात ढाई बजे पुलिस ने दबिश दी। इसके बाद शुक्रवार दोपहर 3 बजे पूरी कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपियों को अरेस्ट कर बाहर निकली। आज कोर्ट में करेंगे पेश पुलिस सभी आरोपियों को 17 जनवरी (शनिवार) को कोर्ट में पेश करेगी। आरोपियों का पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। ताकि इनसे आगे की पूछताछ हो सके। इनके लिंक कहां-कहां तक पता किया जा सके। पुलिस ने घर में से इन्हें पकड़ा घर में से यह मिला एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट में केस सभी 16 आरोपियों के खिलाफ कालूखेड़ा थाना पुलिस ने धारा 8, 22, 25 एनडीपीएस एक्ट व धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार भी किया है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। इनकी लिंक कहा-कहा है इस बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *