बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र स्थित बितरोई रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात एक मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतर गया। इस घटना के बाद बरेली-बदायूं-कासगंज रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। सुरक्षा कारणों से इस पूरे रूट पर रेल यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया है। पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने की कार्रवाई जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या कोई घायल नहीं हुआ है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा को देखते हुए पूरे रेलखंड की गहन जांच की जा रही है। ट्रैक की मरम्मत और डिब्बे को पूरी तरह हटाने के बाद ही ट्रेनों का संचालन बहाल किया जाएगा। इस घटना के कारण कई यात्री ट्रेनें रास्ते में रोक दी गई हैं, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए जाने की संभावना है। आरपीएफ के एसएचओ आरपी सिंह ने बताया कि क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे राहत कार्य में बाधा आ रही है। राहत और मरम्मत कार्य के लिए कासगंज और बरेली से अतिरिक्त टीमें मौके पर भेजी जा रही हैं। फिलहाल इस रूट पर सभी यात्री और मालगाड़ियों का संचालन पूरी तरह बंद है।


