दमोह शहर के गढ़ी मोहल्ला में शुक्रवार शाम बिजली कंपनी ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान 10 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। सभी पर मिलाकर 5 लाख 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है और प्रकरण दर्ज किए गए हैं। लाइन लॉस कम करने के लिए चला अभियान बिजली विभाग ने यह कार्रवाई बढ़ते लाइन लॉस को रोकने के लिए की है। गुरुवार को सागर क्षेत्र के मुख्य अभियंता ने समीक्षा बैठक में दमोह जिले में ज्यादा लाइन लॉस पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। विशेष टीम ने की जांच मुख्य अभियंता के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता दमोह वृत्त के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई। कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू के नेतृत्व में टीम ने गढ़ी मोहल्ला, पठानी मोहल्ला और आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। मौके पर पकड़ी गई बिजली चोरी जांच के दौरान 10 उपभोक्ता अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करते पाए गए। टीम ने मौके पर ही पंचनामा बनाया और बिजली चोरी में इस्तेमाल हो रही सामग्री जब्त की। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई इस अभियान में सहायक अभियंता राघवेंद्र इडिपाचे, कनिष्ठ अभियंता शिवानी गुप्ता और विभागीय लाइनमैन मौजूद रहे। नियमों के अनुसार सभी मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 5 लाख 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली चोरी न करें। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


