राज ठाकरे पर भारी पड़े ओवैसी! 100+ सीटों पर MIM का कब्जा, सपा का ‘किला’ ढहाया

राज ठाकरे पर भारी पड़े ओवैसी! 100+ सीटों पर MIM का कब्जा, सपा का ‘किला’ ढहाया

महाराष्ट्र में ‘मिनी विधानसभा’ माने जा रहे महानगरपालिका चुनाव (नगर निगम) में भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के 29 में से अधिकांश नगर निगमों में भाजपा गठबंधन जीत रही है। इस बीच, महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव के नतीजों में असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। यहां तक कि राज ठाकरे की मनसे (MNS) को बहुत पीछे छोड़ते हुए AIMIM ने राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी है। कई नगर निगमों में एआईएमआईएम ने सियासी समीकरण बदल दिए हैं।

इस चुनाव में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने राज्यभर में कई जनसभाएं की थीं। चुनाव प्रचार के दौरान अकोला में हंगामा और छत्रपति संभाजीनगर में सांसद इम्तियाज जलील पर हमले की कोशिश जैसी घटनाएं भी सामने आई थीं। भाजपा की लहर के बीच AIMIM को मिला यह जनसमर्थन पार्टी के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

100 जगहों पर AIMIM का दबदबा

ताजा नतीजों और रुझानों के मुताबिक, ओवैसी की पार्टी ने एआईएमआईएम (AIMIM) ने इस चुनाव में सबको चौंकाते हुए 29 में से 13 महानगरपालिकाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। पार्टी के 100 से ज्यादा उम्मीदवार विजयी हो चुके है या आगे हैं।

छत्रपति संभाजीनगर में 24 सीटों पर तो वहीं मालेगांव में ओवैसी की पार्टी ने 20 सीटों पर धमाकेदार जीत हासिल की है। सोलापुर, धुले और नांदेड़ में पार्टी ने 8-8 सीटें जीती हैं, जबकि अमरावती में 10, ठाणे में 5 और नागपुर में 4 पार्षद चुनकर आए हैं। चंद्रपुर में भी पार्टी ने अपना खाता खोल लिया है।

समाजवादी पार्टी को लगा झटका

मुंबई में एआईएमआईएम ने सीधे समाजवादी पार्टी (सपा) के गढ़ में सेंधमारी की है। सपा विधायक व महाराष्ट्र के सपा प्रमुख अबू आजमी के गढ़ माने जाने वाले मानखुर्द इलाके में एआईएमआईएम ने जबरदस्त जीत हासिल की है। यह अबू आजमी के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। वो भी तब जब पार्टी पहले से ही अंदरूनी गुटबाजी से जूझ रही है। भिवंडी से सपा विधायक रईस शेख ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंका है।

मुंबई में एआईएमआईएम की जीत को लेकर खास चर्चा हो रही है। मुंबई के बीएमसी चुनाव (BMC Election) में एआईएमआईएम के महजबीन खान (वॉर्ड 134), ज़मीर क़ुरैशी (वॉर्ड 136), समीर पटेल (वॉर्ड 137), रोशन शेख (वॉर्ड 138), शबाना शेख (वॉर्ड 139), खैरुनिसा हुसैन (वॉर्ड 145) जीत गए हैं।

राज ठाकरे की मनसे पस्त

मुंबई, पुणे, नासिक सहित राज्य के अन्य नगर निगम चुनावों में राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के लिए नतीजे निराशाजनक रहे हैं। पूरे राज्य में मनसे के करीब 15-20 उम्मीदवार ही जीत दर्ज कर सके हैं। हालांकि अभी कई सीटों पर मतगणना जारी है।

महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के 893 वार्डों की कुल 2,869 सीटों पर गुरुवार को मतदान हुआ था, जिनमें बीएमसी की 227 सीटें भी शामिल थीं। आज उन सभी सीटों के लिए वोटों की गिनती चल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महानगरपालिका चुनावों में महायुति गठबंधन की प्रचंड जीत पर खुशी जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *