-60 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में मिलेगा सिंचाई लाभ
बैतूल। जिले में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए ताप्ती नदी पर 4036.00 करोड़ रुपए की लागत से ढेकना वृहद उद्वहन परियोजना प्रस्तावित की गई है। जल संसाधन संभाग ्रक्रमांक-2 बैतूल कार्यपालन यंत्री रोशन कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत 100 मिलियन घन मीटर पानी का संग्रहण किया जाएगा, जिससे जिले के करीब 60 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई पद्धति से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना की प्रस्तावित ऊंचाई 32 मीटर और लंबाई 600 मीटर है। इस परियोजना का एक अहम हिस्सा ग्राम महतपुर में बेलेन्सिग रिजर्ववायर का निर्माण है। इस रिजर्ववायर की कुल जलभराव क्षमता 170 मिलियन घन मीटर निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि बेलेन्सिग रिजर्ववायर को लगभग 10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से मूल ढेकना वृहद उद्वहन परियोजना से जोड़ा जाएगा। इसके बाद दोनों परियोजनाओं की संयुक्त जलभराव क्षमता 270 मिलियन घन मीटर हो जाएगी, जिससे क्षेत्र में जल प्रबंधन और अधिक सुदृढ़ होगा। परियोजना के निर्माण से विकासखंड भीमपुर के 140 ग्रामों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भू-जलस्तर में वृद्धि होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। इस वृहद परियोजना में डूब क्षेत्र 700 हेक्टेयर से अधिक होना बताया जा रहा है। इसमें वन क्षेत्र और निजी भूमि भी शामिल है। वन क्षेत्र का हिस्सा ज्यादा डूब में होना बताया जाता है। ढेकना वृहद परियोजना की डीपीआर बन चुकी हैं। डीपीआर एससी ऑफिस में जांच और निरीक्षण के लिए भेजी गई है। जिसके बाद इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
वर्तमान में 1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई
वर्तमान में बैतूल जिले में जलाशयों से एक लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जा रही है। इनमें सभी निर्माणाधीन मध्यम परियोजना वाले जलाशयों को शामिल नहीं किया गया है। यदि इन जलाशयों से इस साल के अंत में सिंचाई शुरू की जाती हैं तो जिले में 1.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी। वहीं प्रस्तावित ढेकना वृहद परियोजना यदि बनती है तो बैतूल जिले में सिंचाई का रकबा 2 लाख हेक्टेयर से अधिक पहुंच जाएगा।


