धार में बसंत पंचमी और भोजशाला में आयोजित होने वाले बसंत उत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में 18 से 27 जनवरी तक शहर के कई होटलों में नई बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। यह निर्णय धार के एसडीएम राहुल गुप्ता के निर्देश पर लिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य बसंत पंचमी के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है। बसंत उत्सव के मद्देनजर धार शहर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान ड्यूटी के लिए पहुंच रहे हैं। इन अधिकारियों और जवानों के ठहरने की व्यवस्था शहर के विभिन्न होटलों में की गई है, जिसके चलते आम नागरिकों के लिए नई बुकिंग पर रोक लगाई गई है। शहर के एक निजी होटल के मैनेजर सोहन पटेल ने बताया कि प्रशासन के निर्देशानुसार फिलहाल आम लोगों के लिए नई बुकिंग बंद कर दी गई है। उनके होटल के सभी 13 कमरे सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। पहले से ठहरे लोगों को नहीं होगी परेशानी
होटल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जो लोग पहले से होटल में ठहरे हुए हैं, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। रोक केवल नई बुकिंग पर ही लागू रहेगी। बसंत पंचमी को लेकर पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि भोजशाला में आयोजित कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।


