Chinese businesswoman breaks promise: वादा हमेशा सोच-समझकर करना चाहिए। जोश में किए गए वादे अक्सर परेशानी और शर्मिंदगी की वजह बन जाते हैं। चीन की एक महिला एंटरप्रेन्योर के साथ भी यही हुआ। शिनलांटियन ग्रुप की चेयरमैन टैंग लेई (China Entrepreneur Tang Lei) ने फुटबॉल खिलाड़ियों को एक बड़े टूर्नामेंट में जीत हासिल करने पर कार देने का वादा किया था। खिलाड़ी टूर्नामेंट जीत भी गए, लेकिन टैंग लेई ने अपना वादा नहीं निभाया। अब इसे लेकर उनकी जमकर आलोचना हो रही है। वहीं, लोकल फुटबॉल एसोसिएशन का कहना है कि वो महिला एंटरप्रेन्योर पर वादा पूरा करने के लिए कोई दबाव नहीं डालेगा।
वादा करने से पहले सोचना चाहिए था
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, यह मामला चीन में बहस की वजह बन गया है। अधिकांश लोग वादा पूरा न करने के लिए महिला एंटरप्रेन्योर की आलोचना कर रहे हैं। उनका कहना है कि अगर खिलाड़ियों को कार देना इतना मुश्किल है, तो वादा करने से पहले सोचना चाहिए था। टैंग लेई शिनलांटियन ग्रुप की चेयरमैन हैं, जो सेंट्रल चीन के योंगझोउ (Yongzhou) में एक बड़ी कार डीलरशिप है। ऐसे में जब उन्होंने हर खिलाड़ी को कार देने का ऐलान किया तो किसी को उनके वादे पर कोई संदेह नहीं हुआ। उन्होंने कहा था कि अगर लोकल फुटबॉल टीम हुनान प्रोविंशियल फुटबॉल कॉम्पिटिशन जीतती है, तो वह खिलाड़ियों को तोहफे में कार देंगी। लेकिन उन्होंने अपना वादा नहीं निभाया।
मुश्किल वक्त में टीम का किया था समर्थन
रिपोर्ट के अनुसार, टैंग लेई ने अगस्त में योंगझोउ फुटबॉल टीम को 100,000 युआन (14000 डॉलर) डोनेट किए थे, ताकि वे हुनान प्रोविंशियल फुटबॉल कॉम्पिटिशन में हिस्सा ले सकें। उस समय इस टीम को सपोर्ट करने वालों की संख्या बेहद कम थी, क्योंकि किसी को उम्मीद नहीं थी कि टीम टूर्नामेंट जीत सकती है। टैंग लेई ने टीम में विश्वास जताते हुए उन्हें स्पॉन्सर किया था। साथ ही उन्होंने एक वीडियो में यह घोषणा की थी कि अगर टीम चैंपियनशिप जीतती है, तो वह हर खिलाड़ी को एक कार गिफ्ट करेंगी। इस वादे के साथ टैंग लेई लोकल मीडिया में छा गईं। सोशल मीडिया पर उनकी चर्चा होने लगी। टीम के लिए भी यह किसी बड़े प्रोत्साहन से कम नहीं था। खिलाड़ियों ने जान लगाई और आखिरकार टूर्नामेंट जीत गए।
टीम की जीत के साथ गायब हुईं एंटरप्रेन्योर
योंगझोऊ टीम ने हुनान प्रांत की 13 टीमों को हराकर 27 दिसंबर को चैंपियनशिप जीत ली। टीम की जीत के बाद टैंग एकदम से गायब हो गईं। उन्होंने अपना वादा नहीं निभाया और सोशल मीडिया अकाउंट से सभी संबंधित वीडियो डिलीट कर दिए गए। जब लोकल कल्चर और टूरिज्म ब्यूरो के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया, तो महिला एंटरप्रेन्योर ने कहा कि वह बिजनेस ट्रिप पर हैं और बाद में एक नए डोनेशन प्लान पर बात करेंगी। लेकिन उन्होंने कार गिफ्ट करने को लेकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने ऐसा दर्शाने की कोशिश की, जैसे ऐसा कोई वादा किया ही नहीं था। हालांकि, उन्होंने यह जरूर कहा कि उनका बिजनेस एवं परिवार इन दिनों में मुश्किल दौर से गुजर रहा है और वह अभी भी टीम को 100,000 युआन देने को तैयार हैं।
फुटबॉल एसोसिएशन ने जारी किया बयान
टैंग लेई की वादा-खिलाफी को लेकर जहां लोगों में गुस्सा है। वहीं, लोकल फुटबॉल एसोसिएशन का कहना है कि टैंग लेई इस समय वित्तीय दिक्कतों का सामना कर रही हैं, ऐसे में उन पर वादा पूरा करने का दबाव नहीं डाला जाएगा। एसोसिएशन ने एक बयान जारी कर अपना रुख साफ किया। उसने आगे कहा कि समर्थन बोझ नहीं बनना चाहिए और दया को कर्ज में नहीं बदलना चाहिए। हम किसी भी ऐसे नैतिक दबाव का विरोध करते हैं जो असल हालात के मुताबिक न हो। कंपनियों के विकास की रक्षा करना और उन्हें सपोर्ट करना भी हमारी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।


