मार्कशीट में त्रुटि व देरी का आरोप लगाया, एसएफआई ने सौंपा ज्ञापन

मार्कशीट में त्रुटि व देरी का आरोप लगाया,  एसएफआई ने सौंपा ज्ञापन

भास्कर संवाददाता | सीकर छात्र संगठन एसएफआई ने पं. दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय के डिजिलॉकर पोर्टल से जारी यूजी व पीजी की अंकतालिकाओं में त्रुटी और देरी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कुलसचिव के नाम ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में लॉ ब्लॉक इकाई सचिव मनोज महला ने बताया कि डिजिलॉकर पोर्टल पर यूजी व पीजी की अंकतालिकाओं में गलतियां आ रही हैं। कई बार विवि प्रशासन को सूचना देने के बावजूद सुधार नहीं हो रहा है। इससे विद्यार्थियों को मानसिक तनाव के साथ शैक्षणिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। गत वर्ष की पीजी और यूजी की मार्कशीट अब तक डिजिलॉकर पर अपलोड नहीं की गई हैं, जबकि राज्य सरकार ने एसएसओ आईडी आधारित भर्ती पोर्टल पर ओटीआर को अनिवार्य कर दिया है। मार्कशीट उपलब्ध नहीं होने के कारण कई छात्र भर्ती प्रक्रियाओं से बाहर हो रहे हैं। इकाई अध्यक्ष उत्तम मील ने कहा कि पीजी प्रथम व तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं सिलेबस पूरा होने के बाद होनी चाहिए, लेकिन विवि ने सिलेबस पूरा हुए बिना ही परीक्षा शुरू करवा दी। संगठन ने विवि प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान अनिल डोटासरा, हरिकिशन विश्नोई, हेमंत, सुजल, आशीष सिहाग, दिनेश चौधरी, अभिषेक महला आदि मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *