योगी सरकार में मंत्री रही सोनम चिश्ती को लाठी डंडों से पीटा, जबरन बाल कटवाए बेहोशी की हालत में फेंका

योगी सरकार में मंत्री रही सोनम चिश्ती को लाठी डंडों से पीटा, जबरन बाल कटवाए बेहोशी की हालत में फेंका

उत्तर प्रदेश में किन्नर समाज से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। योगी सरकार में पूर्व में राज्य मंत्री रहीं किन्नर सोनम चिश्ती के साथ कथित तौर पर अपहरण, मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया गया। आरोप है कि उन्हें बंधक बनाकर जबरन उनके बाल काट दिए गए।

यह मामला गाजीपुर जिले के थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। किन्नर समाज की प्रदेश अध्यक्ष इकबाल किन्नर के अनुसार घटना 28 नवंबर की रात की है। उन्होंने बताया कि सोनम चिश्ती उनके पास आई थीं। और समाज की परंपरा के अनुसार बधाई लेने के लिए अन्य किन्नरों के साथ एक बारात में गई थीं। इसी दौरान विवाद की स्थिति पैदा हो गई।

20 की संख्या में लाठी डंडों के साथ पहुंचे

आरोप है कि बधाई लेकर लौटते समय दूसरे गुट के कुछ किन्नरों के साथ करीब 20 युवक वहां पहुंचे। उनके हाथों में लाठी-डंडे और तमंचे थे। इन लोगों ने किन्नरों को घेर लिया और अचानक हमला कर दिया। मारपीट में दो किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक का हाथ टूट गया, जिसका इलाज कानपुर में चल रहा है।

जबरन साथ ले गए, बंधक बनाकर पीटा

इकबाल किन्नर का कहना है कि हमलावरों ने सोनम चिश्ती को जबरन अपने साथ ले लिया। उन्हें बंधक बनाकर एक अड्डे पर ले जाया गया। जहां उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इसके बाद कथित तौर पर जबरन उनके बाल काट दिए गए, जो किन्नर समाज में अत्यंत अपमानजनक माना जाता है। बाद में आरोपी सोनम को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। किन्नर समाज का आरोप है कि यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरे समाज को डराने और उनकी परंपरागत गद्दी व क्षेत्र पर कब्जा करने की कोशिश है।

पुलिस का कहना कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली

इकबाल किन्नर ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। लेकिन थाना स्तर पर उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस के अनुसार उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है ना ही कोई लिखित तहरीर मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *