पिता के अपमान का विरोध करने पर काटीं तीन उंगलियां:सीतापुर में शराबी युवक ने पड़ोसी पर किया हमला, आरोपी फरार

पिता के अपमान का विरोध करने पर काटीं तीन उंगलियां:सीतापुर में शराबी युवक ने पड़ोसी पर किया हमला, आरोपी फरार

सीतापुर के महोली कोतवाली क्षेत्र के पिपरझला गांव में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत युवक ने अपने पिता को अपमानित करने से रोकने पर पड़ोसी युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसके बाएं हाथ की तीन उंगलियां कट गईं, जबकि दाहिने हाथ और आंख के पास भी गंभीर चोटें आई हैं। गांव निवासी पंकज पांडेय पुत्र कमलेश, जो पेशे से हलवाई है। गुरुवार देर शाम वह गांव में कुछ लोगों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव का दीपक वहां पहुंचा, जो शराब के नशे में था। मौके पर दीपक के पिता कृष्णपाल भी बैठे थे। अपने पिता को देखकर दीपक उन्हें गाली-गलौज करने लगा। पंकज ने सार्वजनिक स्थान पर पिता के अपमान का विरोध करते हुए दीपक को समझाने का प्रयास किया। इस पर दीपक और अधिक भड़क गया और अश्लील गालियां देते हुए वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने घर से हंसिया लेकर लौटा और बिना किसी चेतावनी के पंकज पर कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं हाथ की तीन उंगलियां कट गईं, दाहिने हाथ में गहरा जख्म आया और माथे और आंख के पास भी गंभीर चोट लगी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल पंकज को एम्बुलेंस द्वारा महोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में पंकज के कुल 20 टांके लगाए गए हैं और उनका इलाज जारी है। मामले को लेकर दरोगा संतोष राय ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *