कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा में नेशनल हाईवे-152डी पर दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर रोहतक के ज्वेलर की कार लूटने के 2 और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी सिकंदर निवासी शिमली व सुनील उर्फ काला निवासी डोभ जिला रोहतक ने लूट गई कार से बरामद कैश काे अपने पास छिपाकर रखा था। लूटपाट के लिए आरोपियों ने 20 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अब तक इस मामले में इन दोनों समेत आरोपी संदीप, उसका भाई सूरज उर्फ सोनू, अशोक कुमार निवासी शिमली, सचिन व प्रदीप कुमार निवासी मदीना जिला रोहतक आरोपी आशीष निवासी भम्भेवा जिला झज्जर को गिरफ्तार कर चुकी है। सिकंदर आरोपी अशोक कुमार का भाई है। आशीष लूटपाट करने में शामिल था। उसी ने 30 लाख रुपए का बैग सिकंदर और सुनील के पास छिपाया था। एक ही कार का किया इस्तेमाल पुलिस ने उनके कब्जे से छिनी गई कार समेत करीब 64 लाख रुपए और वारदात में इस्तेमाल क्विड कार, 32 बोर की पिस्टल, मैगजीन व 1 कारतूस बरामद किया। आरोपियों ने लूटपाट में क्विड गाड़ी का इस्तेमाल किया था। दूसरी कार की कहानी झूठी थी। दूसरी कार आकर जरूर रुकी थी, लेकिन आरोपियों ने उस गाड़ी को चालाकी से भेज दिया था। आरोपी ने बहाना बनाया कि ज्वेलर की गाड़ी एक्सीडेंट करके आई है, इसलिए उसे रोका गया है। उसके जाते ही प्लानिंग के तहत गाड़ी छीनकर भाग गए। ड्राइवर ने बनाई प्लानिंग लूटपाट की प्लानिंग ज्वेलर के ड्राइवर संदीप ने बनाई थी। इस काम के लिए उसने अपने भाई और दोस्तों को तैयार किया। आरोपी संदीप करीब 4 साल से उसके पास काम कर रहा था। अक्सर संदीप उसकी कार में कीमती जेवर और कैश लेकर आता-जाता था। संदीप और अशोक पर कर्ज पूछताछ में संदीप ने कबूल किया कि उसके पास 8-10 लाख रुपए कर्ज चढ़ गया था। देनदार घर पर आकर तंग करते थे, तब उसने बड़ा हाथ मारने की सोची। इसके लिए उसने पहले अपने पड़ोसी अशोक कुमार से बातचीत की, क्योंकि उस पर 15 लाख के करीब कर्जा था। सुबह साढ़े 4 बजे भेज दिया रोहतक के कन्हेली रोड के ज्वेलर सागर शाह ने इस्माइलाबाद पुलिस को बताया कि 24 दिसंबर सुबह करीब साढ़े 4 बजे उसका ड्राइवर संदीप कुमार और नौकर युवराज उसकी हुंडई वेन्यू कार लेकर रोहतक से शाहाबाद भोला ज्वेलर की दुकान पर आए थे। अपना काम निपटाने के बाद नेशनल हाईवे 152-डी से होते हुए रोहतक आ रहे थे। पिस्टल के दम पर छीनी थी कार जैसे वे सुबह करीब 9 बजे हाईवे पर तलहेड़ी गांव के पास पहुंचे, तो आगे और पीछे से 2 गाड़ियों ने उनको घेर लिया। इन गाड़ियों से उतरे 4 बदमाश गन प्वाइंट पर कार छीनकर फरार हो गए। उन्होंने ड्राइवर को वहीं उतार दिया, जबकि युवराज को अपने साथ ले गए, जिसे पिहोवा मोड़ उतारा, उसकी कार में कीमती सामान था। 20 हजार में खरीदी पिस्टल सीआईए-1 के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लूटपाट के लिए अशोक ने अपनी गाड़ी का इस्तेमाल किया था। लूटपाट में इस्तेमाल पिस्टल को आरोपी सचिन खरीद कर लाया था। उसने 20 हजार रुपए में पिस्टल खरीदी थी। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।


