हबीबी नगर विस्फोट मामला, SFFL ने की जांच:झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता भी पहुंचा, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

हबीबी नगर विस्फोट मामला, SFFL ने की जांच:झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता भी पहुंचा, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में बुधवार शाम हुए विस्फोट मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। घटना के लगभग 22 घंटे बाद, मृतक पति-पत्नी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसबीएमसीएच) भेजा गया। इस घटना में अब तक कुल तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। विस्फोट इतना जोरदार था कि इसकी गूंज दूर तक सुनी गई। घटना के तुरंत बाद से ही जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर डटे हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बुधवार की पूरी रात पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद रहा, जिसके लिए प्रशासन ने शामियाना और अलाव की व्यवस्था की थी। टीम ने साक्ष्य एकत्र किए विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए रांची से स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एसएफएसएल) की विशेष टीम बुलाई गई है। गुरुवार सुबह झारखंड जगुआर का बम निरोधक दस्ता (बीटी-02) भी मौके पर पहुंचा। विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से मिट्टी के नमूने, मलबे के अवशेष और अन्य संदिग्ध साक्ष्य एकत्र किए हैं। जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि आखिर विस्फोट किस विस्फोटक या रासायनिक पदार्थ की वजह से हुआ। प्रारंभिक कयासों में गैस सिलेंडर फटने की बात कही जा रही थी, लेकिन घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस किसी बड़ी साजिश या अवैध विस्फोटक के बिंदु पर भी जांच कर रही है। घर बनाने के लिए झाड़ियों की सफाई कर रहे थे मृतक सद्दाम के पिता मोहम्मद यूनुस ने बताया कि उनका पुत्र पिछले एक साल से इस इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। वह अपना घर बनाने के लिए पास की झाड़ियों की सफाई करवा रहा था। यूनुस के अनुसार, उन्हें शुरुआत में बताया गया था कि गैस सिलेंडर फटा है, लेकिन मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि सब कुछ खत्म हो चुका था और उनके बेटे और बहू की मौत हो चुकी थी। मामले पर जानकारी देते हुए सीसीआर डीएसपी मनोज सिंह ने बताया कि सभी जांच एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, “जांच की जा रही है कि विस्फोट के पीछे कौन सा रासायनिक पदार्थ था। एसएफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *