चित्तौड़गढ़ में 6 थानों की पुलिस और जिला आबकारी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मंडफिया थाना क्षेत्र के गांव तरजेला में अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान करीब 10 हजार लीटर वॉश नष्ट किया गया, वहीं 9 अवैध शराब की भट्ठियों को भी मौके पर ही तोड़ दिया गया। इसके साथ ही 55 बोतल अवैध हथकड़ शराब भी जब्त की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के तहत गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन में यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को पहले से सूचना मिली थी कि मण्डफिया थाना क्षेत्र के गांव तरजेला में अवैध रूप से शराब बनाई जा रही है। सूचना के आधार पर सुबह के समय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी, ताकि कोई आरोपी मौके से फरार न हो सके। कई थानों की पुलिस रही शामिल इस कार्रवाई में मण्डफिया थानाधिकारी रविन्द्र सेन के साथ-साथ बड़ीसादड़ी थानाधिकारी भवानी शंकर, डूंगला थानाधिकारी शैतान सिंह, मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवानलाल, भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया और निकुंभ थानाधिकारी रामसिंह अपनी-अपनी टीम के साथ शामिल रहे। इनके अलावा जिला आबकारी टीम भी मौके पर मौजूद रही। संयुक्त टीम ने गांव तरजेला के खेत-खलिहानों और आसपास के अलग-अलग स्थानों पर तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों पर अवैध शराब बनाने का सामान और भट्टियां मिलीं। 10,000 लीटर वॉश मिला दबिश के दौरान टीम को करीब 10,000 लीटर वॉश मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 8 पुरानी भट्टियां और एक चालू भट्टी भी मौके पर पाई गई, जिन्हें तुरंत नष्ट किया गया। पुलिस और आबकारी टीम ने अलग-अलग स्थानों से कुल 55 बोतल अवैध देशी हथकड़ शराब जब्त की। इसके साथ ही आरएमएल केम्पा क्लासिक व्हिस्की के 48 पव्वे भी बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री मिलने से साफ है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। पांच मामले दर्ज, जांच जारी पुलिस ने इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध शराब से जुड़े कुल पांच मामले दर्ज किए हैं। सभी मामलों में जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


