मेरठ रेंज पुलिस ने जनवरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 194 शातिर अपराधियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत बुक किया है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस अब इन अपराधियों की गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति भी जब्त करेगी। 130 गैंगस्टर में शामिल बदमाश गिरफ्तार इस अभियान के लिए राजपत्रित अधिकारियों के निर्देशन में 30 टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने मात्र दो सप्ताह में 130 गैंगस्टरों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी ने बताया कि यह साल अपराधियों के लिए काफी भारी रहने वाला है। जनपदवार आंकड़ों के अनुसार, मेरठ में 26 मामलों में 100 अभियुक्तों, बुलंदशहर में 10 मामलों में 35 अभियुक्तों, बागपत में 6 मामलों में 29 अभियुक्तों और हापुड़ में 8 मामलों में 30 अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए 130 गैंगस्टरों में से मेरठ से 62, बुलंदशहर से 25, बागपत से 21 और हापुड़ से 22 अपराधी शामिल हैं। डीआईजी ने इस उपलब्धि के लिए संबंधित जिला पुलिस प्रमुखों की सराहना की है। गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों का अपराध शीर्षकवार विवरण इस प्रकार है: फायरिंग के 3 मामलों में 11 अभियुक्त, हत्या के 8 मामलों में 36 अभियुक्त, लूट/डकैती के 6 मामलों में 24 अभियुक्त, छिनैती के 3 मामलों में 7 अभियुक्त, चोरी/नकबजनी के 17 मामलों में 51 अभियुक्त, गौवध अधिनियम के 5 मामलों में 27 अभियुक्त, मादक पदार्थ के 2 मामलों में 5 अभियुक्त और अन्य अपराधों के 6 मामलों में 33 अभियुक्त शामिल हैं। DIG ने बताया कि अपराध मुक्त जिले रखना ही उनकी जिम्मेदारी है।


