आज़ाद समाज पार्टी का जिला पंचायत चुनाव में दावा:प्रदेश सचिव राजकुमार ने कहा- नतीजे चौंकाने वाले होंगे

संभल में आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज़ कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के प्रदेश सचिव राजकुमार यादव संभल पहुंचे। जहां उन्होंने संगठन की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश सचिव राजकुमार यादव ने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य संभल में पार्टी को मज़बूत करना और भाईचारा कमेटी का गठन करना है, ताकि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चला जा सके। उन्होंने कहा कि पार्टी जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुटी है और जनता से उसका सीधा गठबंधन है। राजकुमार यादव ने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी हर गाँव की प्रधान सीट, हर वार्ड से जिला पंचायत सदस्य और बीटीसी चुनाव की पूरी रणनीति के साथ तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस बार चुनावी परिणाम चौंकाने वाले होंगे। पार्टी का नारा “सारी पार्टी देख ली, अबकी बार केतली” जनता के बीच तेज़ी से लोकप्रिय हो रहा है। राजकुमार यादव ने चंद्रशेखर आज़ाद के प्रति युवाओं, किसानों, मज़दूरों और समाज के हर वर्ग में उत्साह का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आज़ाद समाज पार्टी के लिए ‘करो या मरो’ की स्थिति है और पार्टी इसे 2027 के चुनावों का सेमीफाइनल मानकर पूरी ताक़त से लड़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह चुनाव आने वाले समय में राजनीतिक इतिहास बनाएगा। इस अवसर पर गिन्नौर विधानसभा से रज़ा उद्दीन, लीगल तहसील सचिव आसिफ अली, डॉ. शिशपाल, रामरहिस, ज़िला महासचिव सोहनलाल उर्फ सोनू, लीगल सेल गिन्नौर के तहसील अध्यक्ष जितेन्द्र पाल सागर, इकराम उद्दीन, शमी उद्दीन, राशिद, रहबर, साहिर अली, अय्यूब अली और अज़ीम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *