सिंगरौली जिले के सरई नगर परिषद का एक फायर ब्रिगेड वाहन गुरुवार को अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना सरई इलाके में हुई, जिसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन दमकल वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि वाहन चला रहा कर्मचारी दिनेश साकेत शराब के नशे में था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और दुर्घटना हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। नगर परिषद के मुख्य नगर अधिकारी (सीएमओ) सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मकर संक्रांति मेले के लिए दमकल वाहन को सरई क्षेत्र में तैनात किया जाना था। ड्यूटी पर जाते समय रास्ते में सामने से एक स्कूल वाहन आ गया। स्कूल वाहन को बचाने के प्रयास में फायर ब्रिगेड अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे खंभे से टकराकर पलट गया। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि दिनेश साकेत नगर परिषद का कर्मचारी है, लेकिन वह नियमित वाहन चालक नहीं है, बल्कि बिजली विभाग में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि नशे में ड्राइविंग के आरोपों की गंभीरता से जांच की जाएगी। जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


