BMC चुनाव में वोट करने बॉलीवुड सेलेब्स पहुंचे:अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम और सुनील शेट्टी जैसे सितारों ने वोट डाला

महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार सुबह 7:30 बजे से मतदान जारी है। इस मौके पर बॉलीवुड सेलेब्स भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। एक्टर अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे और वोट डाला। इसके अलावा जॉन अब्राहम, सुनील शेट्टी, राकेश रोशन, गुलजार, हेमा मालिनी, तमन्ना भाटिया, जुनैद खान और किरण राव भी वोट डालने आए। अक्षय ने लोगों से वोट देने की अपील की अक्षय कुमार ने वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत की। एक्टर ने कहा, “आज बीएमसी के लिए मतदान हो रहा है। मुंबईवासी होने के नाते आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है।” उन्होंने मुंबई के लोगों से बड़ी संख्या में बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की। अक्षय बोले, “अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है, तो सिर्फ बातें नहीं, बल्कि वोट डालना जरूरी है।” वहीं, ट्विंकल ने वोटिंग के बाद कहा, “वोट देना हमें थोड़ा नियंत्रण और ताकत देता है। इससे हमें अपनी कहानी तय करने का मौका मिलता है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह आदत के तौर पर हर चुनाव में मतदान करती हैं। अक्षय से युवती ने मदद मांगी वोट डालने के बाद जब अक्षय अपनी गाड़ी में बैठ रहे थे, तभी एक युवती उनके पास आई। उसने बताया कि उसके पिता कर्ज में डूबे हुए हैं और मदद की गुहार लगाई। इस पर अक्षय ने युवती से अपने स्टाफ को नंबर देने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *