बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर:बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल, शिनाख्त की कोशिश जारी

बदायूं में अज्ञात वाहन की टक्कर:बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल, शिनाख्त की कोशिश जारी

बदायूं में बिजनौर हाइवे पर बुधवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। यह दुर्घटना उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव बरायमय खेड़ा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक बदायूं से बिल्सी की ओर जा रहे थे। बरायमय खेड़ा गांव के समीप पहुंचते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर यूपी 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उझानी कोतवाली पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक की जेब से एक पर्ची मिली है, जिस पर ‘वार्षेय ऑटो मोबाइल्स हीरो एजेंसी नाधा उपहार कूपन’ लिखा है। पर्ची पर अनेक सिंह पुत्र रूपाल राम का नाम दर्ज है।पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से भी परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *