मैनपुरी में तालाब की जमीन पर विवाद:दो पक्षों में जमकर मारपीट, छत से चले ईंट-पत्थर; एक घायल

मैनपुरी में तालाब की जमीन पर विवाद:दो पक्षों में जमकर मारपीट, छत से चले ईंट-पत्थर; एक घायल

मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दो पक्षों के बीच तालाब और ग्राम समाज की जमीन को लेकर जमकर मारपीट और पत्थरबाजी होती दिख रही है। यह घटना नगला केशराय गांव की बताई जा रही है, जिसके सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। वायरल फुटेज में देखा जा सकता है कि विवाद के दौरान दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ईंट और पत्थर फेंक रहे हैं। कुछ लोग गाली-गलौज करते भी नजर आ रहे हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया जा रहा है। यह पूरा विवाद घर के सामने स्थित तालाब और ग्राम समाज की जमीन पर कथित कब्जे को लेकर हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने इस अवैध कब्जे को लेकर पहले भी प्रशासन से शिकायत की थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने शिकायतकर्ता के घर पर हमला कर दिया। इस झड़प में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। घिरोर थाना प्रभारी अनुज चौहान ने बताया कि पीड़ित राजकुमार की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वायरल वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में लेकर मामले की जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *