इटावा में एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। कोतवाली थाना क्षेत्र के कृष्णा मैरिज होम के सामने दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। हालांकि दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं कर रहा। घटना बीती रात कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णा मैरिज होम में एक शादी समारोह के दौरान हुई। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के सरकारी इमामबाड़ा निवासी राजू अपने ममेरे भाई की शादी में शामिल होने परिवार सहित इटावा आए थे। रात में राजू के भाई चांद बाबू और मैनपुरी के भोगांव निवासी अजहर शादी स्थल से बाहर चाय पीने गए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक ने चांद बाबू को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर लगने के बाद घायल चांद बाबू को संभालने के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। शादी में मौजूद लोगों ने बाइक सवार को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके तुरंत बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। आरोप है कि कुछ देर बाद वही बाइक सवार अपने लगभग दस साथियों के साथ वापस लौटा। उन्होंने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और आसपास पड़े ईंट-पत्थरों से पथराव होने लगा। इस अचानक हुए हमले से शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस मारपीट और पथराव में चांद बाबू, अजहर और गाड़ीपुरा निवासी साकिद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अधिकांश आरोपी फरार हो चुके थे। हालांकि, पुलिस ने मुख्य बाइक सवार को पकड़कर थाने भेज दिया है।


