महोबा के चरखारी कस्बा स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एक क्लासरूम में छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि क्लासरूम के भीतर छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसा रहे हैं। कोई जमीन पर गिराए गए छात्र को पीटता दिख रहा है, तो कोई बीच-बचाव की कोशिश करता नजर आ रहा है। इस दौरान कक्षा में अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। असाइनमेंट बना विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार, मारपीट की वजह कोई पुरानी रंजिश नहीं बल्कि शिक्षक द्वारा दिए गए एक असाइनमेंट को जमा करने को लेकर हुआ विवाद था। पहले छात्रों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त कक्षा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था, जिसका छात्रों ने फायदा उठाया। महज 22 सेकेंड के इस वीडियो ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन के दावों की पोल खोल दी है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद कॉलेज स्टाफ ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से साफ इनकार कर दिया। प्रशासन की यह चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है—आखिर छात्रों में इतना दुस्साहस कहां से आया और कॉलेज में अनुशासन व्यवस्था कितनी प्रभावी है? वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोग कॉलेज परिसरों में बढ़ती अनुशासनहीनता और गुंडागर्दी को लेकर चिंता जता रहे हैं। लोग सवाल कर रहे हैं कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटनाएं आखिर कब तक होती रहेंगी। फिलहाल मामला चर्चा में है। अब देखना यह होगा कि कॉलेज प्रशासन दोषी छात्रों के खिलाफ क्या कड़ी कार्रवाई करता है, ताकि भविष्य में शिक्षा के इस केंद्र में इस तरह की शर्मनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


