सोनभद्र नगर में साईं मंदिर के स्थापना दिवस के अवसर पर श्री साईं सेवा संस्था द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी साईं पालकी यात्रा धूमधाम से निकाली गई। यह यात्रा साईं मंदिर से शुरू होकर शीतला मंदिर चौक, महिला थाना, पूरब माहौल और उत्तर माहौल से होते हुए वापस साईं मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान साईं भक्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए साईं बाबा के जयकारे लगा रहे थे। महिलाएं अपने सिर पर कलश लिए हुए यात्रा में शामिल हुईं। मंदिर में भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। बता दें कि साईं भक्तों द्वारा वर्ष 2007 में इस मंदिर की नींव रखी गई थी। 14 जनवरी 2014 को शिरडी के प्रधान पुजारी अमित देशमुख द्वारा तीन दिवसीय पूजन-अर्चन के साथ मंदिर में साईं बाबा की मूर्ति स्थापित की गई थी। साईं मंदिर में साईंनाथ की मूर्ति के साथ सिद्धि विनायक गणेशजी, राधाकृष्ण और दक्षिणेश्वर हनुमानजी की मूर्तियां भी स्थापित हैं। इसके अतिरिक्त, शंकर परिवार (शंकर जी, माँ पार्वती, कार्तिकेय, गणेश जी और नंदी भगवान) तथा माँ दुर्गा के मंदिर का जीर्णोद्धार भी किया गया था। श्री साईं सेवा संस्थान द्वारा बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मंदिर में स्थापित सभी देवी-देवताओं को फूलों से सजाया गया। भक्तों द्वारा भव्य झांकी सजाकर आरती उतारी गई और पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भोग का प्रसाद चढ़ाया गया। इस अवसर पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। साईं सेवा संस्था के पदाधिकारी और सदस्य, जिनमें ठाकुर प्रसाद अग्रहरी, विमल अग्रवाल, राजू सोनी, प्रसन्न जायसवाल, संजय जायसवाल, निखिल जायसवाल, अंकित केजरीवाल, विनोद केशरी, गीता जायसवाल, आनंद जायसवाल, मुकेश जायसवाल, परमेश जैन और सूरज गुप्ता शामिल थे, पूरी पालकी यात्रा के दौरान व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। यह कार्यक्रम भारी पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ।


