किन्नर समाज ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप:भदोही एसपी ने सीओ स्तर की जांच के दिए आदेश

किन्नर समाज ने लगाया जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप:भदोही एसपी ने सीओ स्तर की जांच के दिए आदेश

भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र में किन्नर समाज द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों के बाद एसपी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित पक्ष की शिकायतें सुनीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ स्तर की जांच के आदेश दिए हैं। किन्नर समाज के सदस्यों, जिनमें बिजली उपाध्याय, सानिया उपाध्याय, बिजली शर्मा, पारो प्रजापति, सुमो बनवांसी, निशा और खुशबू मौर्य शामिल हैं, ने एसपी को बताया कि सानिया क्षेत्र की किन्नर मंजू देवी उन पर हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रही हैं। किन्नर समाज ने अपनी शिकायत में कहा कि वे सनातन हिंदू परंपराओं का पालन करते हैं। उनके सभी संस्कार, पूजा-पाठ और सामाजिक रीतियां हिंदू धर्म से संबंधित हैं। उन्होंने इसे किसी भी प्रकार के दबाव से धर्म बदलवाने को संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सुरियावां पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन का प्रयास पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन दबाव बनाकर धर्म बदलवाना कानूनन अपराध है। इस बीच, किन्नर समाज के संगठन अर्धनारीश्वर ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे जिला स्तर पर आंदोलन करेंगे। पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *