हजारीबाग में बम विस्फोट, दंपती समेत तीन की मौत:हबीबी नगर इलाके में हुआ ब्लास्ट, धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई; जांच जारी

हजारीबाग में बम विस्फोट, दंपती समेत तीन की मौत:हबीबी नगर इलाके में हुआ ब्लास्ट, धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई; जांच जारी

हजारीबाग शहर के हबीबी नगर इलाके में हुए एक विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और एक महिला शामिल है। विस्फोट खुले स्थान पर हुआ। यह घटना बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मृतकों की पहचान रशीदा परवीन (पति मुस्ताक), सद्दाम (पिता युनूस) और नन्ही परवीन (पति सद्दाम) के रूप में हुई है। मरने वालों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। विस्फोट के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। 2016 में भी इस क्षेत्र में हुआ था ब्लास्ट, 6 की गई थी जान प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका अचानक हुआ, जिससे लोग घबरा गए। कुछ लोगों ने घायलों की मदद करने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। बताते चलें कि 2016 में हबीबी नगर इलाके में हुए बम ब्लास्ट में 6 लोगों की मौत हो गई थी। हजारीबाग पुलिस की तकनीकी टीम को भी बुलाया गया घटना की जानकारी मिलते ही चार थानों के थाना प्रभारी और दो डीएसपी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। जांच के लिए स्वान दस्ता (डॉग स्क्वॉड) और हजारीबाग पुलिस की तकनीकी टीम को भी बुलाया गया है। टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल विस्फोट के प्रकार और इसके कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार, फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही विस्फोट के कारणों का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। स्थानीय लोग घटना से सहमे हुए हैं और जल्द से जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *