मैनपुरी गैस लाइन पाइप स्टोर में भीषण आग:कई किलोमीटर तक उठा धुंए का गुब्बार, लाखों का नुक़सान, आग देखकर सहमे लोग

मैनपुरी गैस लाइन पाइप स्टोर में भीषण आग:कई किलोमीटर तक उठा धुंए का गुब्बार, लाखों का नुक़सान, आग देखकर सहमे लोग

मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन पावर हाउस के पास स्थित एक घरेलू गैस लाइन पाइप स्टोर में भीषण आग लग गई। संसारपुर मोड़ के पास स्थित इस सरकारी गैस पाइपलाइन स्टोर में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के पाइप रखे हुए थे। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासी गुरुवचन शाक्य के अनुसार, स्टोर के पास लंबे समय से कूड़े का ढेर जमा था। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस कूड़े के ढेर में आग लगा दी, जो धीरे-धीरे फैलकर गैस पाइप स्टोर तक पहुंच गई। प्लास्टिक के पाइप होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में स्टोर से घना काला धुआं उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पानी और अन्य उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता के कारण उनके प्रयास विफल रहे। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। लगभग आधे से एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल विभाग के अनुसार, आग में स्टोर में रखे लाखों रुपये मूल्य के घरेलू गैस लाइन पाइप जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो आसपास के रिहायशी इलाकों को भी भारी नुकसान हो सकता था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *