मुरैना जिले की बानमौर थाना पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर भैरव मंदिर मोड़ सीतापुर जाख़ौदा के पास से इन आरोपियों को दबोचा। इनके कब्जे से 32 बोर की 12 पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और 8 मैगजीन जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 78 हजार रुपए बताई गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों का पीआर (पुलिस रिमांड) लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि आगे की कड़ी जोड़ी जा सके। 10 हजार में लाकर 60 हजार में बेचते थे पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से 10 से 15 हजार रुपए में पिस्टल खरीदते थे और उसे ग्वालियर-मुरैना में 50 से 60 हजार रुपए में बेचते थे। गिरोह में खरीदकर लाने से लेकर बेचने तक के सभी एजेंट अलग-अलग काम करते हैं। बेचने के लिए लोकल एजेंट काम करते हैं। ग्वालियर-मुरैना के रहने वाले हैं आरोपी पकड़े गए आरोपियों में ग्वालियर और मुरैना के बदमाश शामिल हैं। इन पर पहले से कई अपराध दर्ज हैं। आरोपियों की पहचान भानू गौड निवासी गायत्री मंदिर के पास पुराना जौरा (मुरैना), मोनू उर्फ मोहन उर्फ पप्पू गुर्जर निवासी पगारा रोड जौरा (मुरैना), रामलखन कुशवाह निवासी डीडी नगर (ग्वालियर), विवेक उर्फ माफिया निवासी गंगाराम का पुरा बानमौर और राज पुत्र पूरन गोस्वामी के रूप में हुई है। ‘खरगोन पुलिस से भी करेंगे संपर्क’ मुरैना एसपी समीर सौरभ ने बताया कि बानमौर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए अवैध हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ग्वालियर निवासी रामलखन कुशवाह और मुरैना निवासी भानू गौड हैं। ये लोग इन हथियारों को खपाने का काम करते हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है, ताकि और भी कड़ियों का खुलासा हो सके। जरूरत पड़ने पर खरगोन पुलिस से भी संपर्क करेंगे।


