शाहजहांपुर में चाइनीज मांझे की बिक्री रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) और सिटी मजिस्ट्रेट ने शहर के विभिन्न बाजारों में पतंग की दुकानों पर छापेमारी की। शाहजहांपुर में पिछले दो वर्षों में चाइनीज मांझे से कई लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल भी शामिल था। इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन ने बड़े पैमाने पर चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी। सीओ सिटी पंकज पंत और सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस बल के साथ थाना आरसी मिशन, चौक कोतवाली और थाना सदर बाजार क्षेत्रों के कई बाजारों में स्थित पतंग की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान दुकानों में रखे मांझे के चरखों की गहनता से जांच की गई। पुलिस ने मांझे को तोड़कर भी उसकी गुणवत्ता परखी। दुकानों के अलावा, पुलिस ने संदेह के आधार पर गलियों में स्थित संभावित घरों में भी छापेमारी की। हालांकि, इस अभियान के दौरान पुलिस को कहीं भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा नहीं मिला। सीओ सिटी पंकज पंत ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझा बिकता पाया गया, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझा मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और दुकानदारों से अपील की है कि चाइनीज मांझा अत्यंत खतरनाक, धारदार और जानलेवा होता है। इसके उपयोग से दुर्घटनाएं, गंभीर चोटें, मृत्यु और पक्षियों को हानि पहुंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। चाइनीज मांझा पाए जाने पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकरण सहित विधिक कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को प्रतिबंधित सामग्री न बेचने और किसी भी प्रकार का उल्लंघन न करने की हिदायत दी गई है।


