हरियाणा के हिसार में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की भर्ती में आए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला चंदौली निवासी ग्राम मनराजपुर निवासी अंकुश (21) यादव के रूप में हुई है। आज नागरिक अस्पताल हिसार में युवक का पोस्टमॉर्टम किया गया। युवक के रिश्तेदार शिवपूजन ने बताया कि अंकुश 13 जनवरी को बीएसएफ की भर्ती के लिए हिसार आया था। उसका फिजिकल क्लीयर हो गया था और उसके बाद वह बीएसएफ कैंप से बाहर आकर रोड क्रॉस कर रहा था। इसी दौरान ओवरलोडेड ट्रॉली ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए अंकुश को कुचल दिया। अंकुश को घायल अवस्था में हिसार के नागरिक अस्पताल लाया गया जहां उसकी मौत को गई। अंकुश परिवार में सबसे बड़ा था और सेना में जाने का उसका सपना था। इसके लिए वह तैयारी कर रहा था। पिता अहमदाबाद में काम करते हैं
शिवपूजन ने बताया कि अंकुश के पिता भोला नाथ यादव अहमदाबाद में मिठाई की दुकान में काम करते हैं। मंगलवार को जब परिवार वालों ने अंकुश के मोबाइल पर फोन किया तो पुलिस ने उसकी मां का फोन उठाया और बताया कि अंकुश का एक्सीडेंट हो गया है और परिवार के किसी सदस्य को हिसार भेज दो। इसके बाद अंकुश के रिश्तेदार और दोस्त हिसार आए तो उनको जानकारी मिली कि अंकुश की मौत हो चुकी है। शिवपूजन ने बताया कि हिसार से चंदौली करीब 1000 किमी से ज्यादा दूर पड़ता है। अंकुश का फिजिकल क्लियर हो गया था
रिश्तेदार शिवपूजन ने बताया कि अंकुश का बीएसएफ का फिजिकल क्लियर हो गया था और वह बहुत खुश था। वह कैंप से बाहर निकलकर सड़क के दूसरी तरफ आ रहा था कि रेलिंग पार करते ही तेज गति से तूड़ी से भरा ट्रैक्टर अंकुश के ऊपर चढ़ गया। शिवपूजन ने बताया कि अंकुश के सिर और कमर पर चोट लगी थी। शिव पूजन ने बताया कि अंकुश के छोटे भाई का नाम अमित यादव और वह पढ़ाई कर रहा है और मां ममता यादव घर पर गांव में ही रहती है। अंकुश की डेडबॉडी लेने हम चार लोग आए हैं। 13 को शाम को बस से दिल्ली जाना था
अंकुश के दोस्त लक्की ने बताया कि अंकुश भर्ती की तैयारियां कर रहा था और एक दिन पहले 12 जनवरी को चंदौली से हिसार के लिए चला था। 13 जनवरी को भर्ती के बाद उसे शाम को बस से दिल्ली जाना था। दिल्ली से अंकुश को ट्रेन पकड़नी थी। मगर हिसार में ही उसकी मौत हो गई। परिजन एंबुलेंस के जरिये शव को चंदौली ले गए हैं।


