धनबाद के कुमारडूबी कोलियरी चोरी मामला:थाना परिसर में हंगामा, थाना प्रभारी पर धक्का-मुक्की करने का आरोप

धनबाद के कुमारडूबी कोलियरी चोरी मामला:थाना परिसर में हंगामा, थाना प्रभारी पर धक्का-मुक्की करने का आरोप

धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र की कुमारडूबी कोलियरी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर बुधवार को थाना परिसर में विवाद हो गया। कोलियरी प्रबंधक सुशील कुमार दास ने चिरकुंडा थाना प्रभारी पर दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया है। प्रबंधक सुशील कुमार दास के अनुसार, पिछले एक महीने में कोलियरी में चार बार चोरी की वारदातें हुई हैं। इसके अलावा, श्रमिकों की मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं भी सामने आई हैं। बीती रात कोलियरी में चोरों के घुसने के बाद उन्होंने फोन पर चिरकुंडा थाना प्रभारी को सूचना दी थी। बुधवार सुबह कोलियरी प्रबंधक सुशील कुमार दास, यूनियन नेता रामजी यादव और कई श्रमिक चिरकुंडा थाना पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी ने परिसर में अधिक भीड़ होने पर आपत्ति जताई और नाजायज भीड़ लगाने की बात कही। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। वहीं, निरसा एसडीपीओ रजत मलिक बाखला ने बताया कि उन्हें थाना परिसर में हंगामे की सूचना करीब एक घंटे पहले मिली थी। जांच में पता चला कि ईस्ट कुमारडूबी स्थित ईसीएल कोलियरी में बड़ी संख्या में केबल चोरी हुए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस चोरी की सूचना समय पर थाने को नहीं दी गई थी। एसडीपीओ के मुताबिक, बाद में कंपनी के कर्मचारी थाना पहुंचे और चोरी की घटनाओं से परेशान होकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें लिखित आवेदन देने को कहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *