चंदौली में करंट लगने से बालिका की मौत:नहाने के लिए पानी गर्म करते समय हुआ हादसा, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

चंदौली में करंट लगने से बालिका की मौत:नहाने के लिए पानी गर्म करते समय हुआ हादसा, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालिका की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब बालिका नहाने के लिए हीटर की मदद से पानी गर्म कर रही थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक बालिका की पहचान लकी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अखिलेश की पुत्री थी और सोनभद्र जिले के घोरावल थाना क्षेत्र के रिजूल गांव की रहने वाली थी। बताया गया कि लकी इन दिनों नौगढ़ कस्बे में अपने ननिहाल में रह रही थी। शुक्रवार को वह रोज की तरह नहाने की तैयारी कर रही थी और पानी गर्म करने के लिए हीटर चालू किया था। इसी दौरान अचानक हीटर में करंट फैल गया और लकी उसकी चपेट में आ गई। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजनों ने तुरंत हीटर का बिजली कनेक्शन काटा और उसे इलाज के लिए नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टर सुनील सिंह ने जांच के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ननिहाल और आसपास के लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है। सूचना मिलने पर नौगढ़ थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *