हरियाणा में हाड़ कंपाने वाली ठंड का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने 14 जनवरी के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा और शीत लहर से अत्यधिक शीत लहर (सीवियर कोल्ड डे) का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से सुबह के समय दृश्यता शून्य के करीब रह सकती है, जिससे यातायात पर बुरा असर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, झज्जर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूह में सर्दी का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। शेष हरियाणा में कोहरा व कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है। पिछले 24 घंटों में हरियाणा के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान पलवल में 22.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि करनाल में यह केवल 10.0 डिग्री रहा। अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम मौसम एक्सपर्ट बोले- 19 के बाद बारिश होगी
हिसार के चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में 16 जनवरी तक मौसम आमतौर पर सूखा रहेगा। इस दौरान उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे रात का तापमान थोड़ा गिर सकता है और दिन का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। दक्षिण और पश्चिमी हरियाणा के कुछ इलाकों में पाला भी पड़ सकता है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह और देर रात हल्की से मध्यम धुंध छाई रह सकती है। 16 और 19 जनवरी की रात को दो पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव हो सकता है। 17 और 18 जनवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। 19 जनवरी के बाद राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने की संभावना है। किसानों के लिए विशेष कृषि एडवाइजरी…


