कानपुर देहात को मिले 33 प्रशिक्षित आपदा मित्र:लखनऊ से 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे स्वयंसेवक

कानपुर देहात को मिले 33 प्रशिक्षित आपदा मित्र:लखनऊ से 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर लौटे स्वयंसेवक

कानपुर देहात जनपद में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिले से चयनित 33 स्वयंसेवक ‘आपदा मित्र’ लखनऊ से 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर वापस लौट आए हैं। राज्य आपदा मोचक बल (एसडीआरएफ) द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को विभिन्न आपदाओं से निपटने की व्यवहारिक और तकनीकी जानकारी दी गई। आपदा विशेषज्ञ अश्वनी वर्मा ने बताया कि यह दल 2 जनवरी 2026 को प्रशिक्षण के लिए लखनऊ गया था। प्रशिक्षण के दौरान अग्निकांड, बाढ़, भूकंप, सर्पदंश और आकाशीय विद्युत (वज्रपात) जैसी आपदाओं से निपटने का गहन अभ्यास कराया गया। इसमें प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव कार्य तथा राहत एवं पुनर्वास की तकनीकें भी शामिल थीं। प्रशिक्षण में आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, लोगों को सुरक्षित निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण पूरा होने पर सभी आपदा मित्रों को बहुपयोगी आपदा राहत किट प्रदान की गई और एसडीआरएफ द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले आपदा मित्रों में आशीष सिंह चौहान, हमजा सिद्दीकी, कादिर खान, विकास और राकेश सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल हैं। इन प्रशिक्षित आपदा मित्रों की तैनाती से जिले में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध हो सकेगी, जिससे जनहानि को कम करने में मदद मिलेगी। प्रशासन को विश्वास है कि ये आपदा मित्र भविष्य में जनसेवा और राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *