सीएम ने परखीं खिचड़ी मेले की तैयारियां:श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रात में मंदिर परिसर का किया निरीक्षण

सीएम ने परखीं खिचड़ी मेले की तैयारियां:श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रात में मंदिर परिसर का किया निरीक्षण

गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की रात गोरखनाथ मंदिर परिसर में खिचड़ी मेले की तैयारियां परखीं। देर रात वह मंदिर परिसर में भ्रमण पर निकले और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था का निरीक्षण किया। खिचड़ी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा व सहूलियत के लिए सीएम स्वयं निगरानी करेंगे। मकर संक्रांति पर खिचड़ी महापर्व का शुभारंभ गुरुवार को होगा लेकिन मंगलवार शाम से गोरक्षपीठाधीश्वर ने सारी व्यवस्थाओं पर खुद नजर रखनी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर संवेदनशील सीएम योगी ने मकर संक्रांति पर होने वाले पारंपरिक रूप से विशिष्ट, दिव्य व भव्य आस्था की खिचड़ी निवेदन पर्व के दृष्टिगत मंगलवार रात गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया। मंगलवार अपराह्न गोरखपुर पहुंचे सीएम योगी गोरखपुर महोत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के साथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गुरु गोरक्षनाथ का दर्शन पूजन करने तथा अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेका। इसके बाद खिचड़ी मेला की तैयारियों की जानकारी लेने तथा यथोचित निर्देश देने में जुट गए। चूंकि श्रद्धालुओं का रेला बाबा गोरखनाथ की पावन तपोभूमि पर अभी से आने लगा है, इसलिए तैयारियों को अंतिम रूप देने के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने मंदिर परिसर का रात्रिकालीन निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री ने समूचे मंदिर परिसर में साफ सफाई, सुरक्षा व अन्य सभी सुविधाओं को लेकर जरूरी निर्देश दिए। गोरखनाथ मंदिर परिसर में रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम पूछा और उनके साथ आए बच्चों को प्यार दुलार के साथ आशीर्वाद भी दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *