ग्रेटर नोएडा के दादरी स्थित विश्वेश्वरैया कॉलेज की एक बी-फार्मा छात्रा ने अपने शिक्षकों पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि शिकायत करने पर प्रधानाचार्य ने उसे प्रयोगात्मक परीक्षा में फेल करने की धमकी दी। इस मामले में कॉलेज प्रबंधन के दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर न्याय न मिलने पर आत्महत्या की धमकी भी दी थी। वायरल वीडियो में छात्रा ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षा के दौरान एक शिक्षक ने उसके साथ गलत हरकत की और उसे धक्का देकर गिरा दिया। जब उसके साथी ने बचाव का प्रयास किया, तो उसे भी बुरी तरह पीटा गया। छात्रा का यह भी आरोप है कि शिक्षक अन्य छात्राओं पर भी गलत नज़र रखता है। वीडियो सामने आने के बाद समाजवादी छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर हंगामा किया। छात्रों ने कॉलेज के गेट पर धरना दिया और आरोपी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रधानाचार्य व शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की। दादरी कोतवाली पुलिस ने बी-फार्मा के छात्र मिन्हाज शेख की शिकायत पर प्रोफेसर ललित राणा और प्रदीप शर्मा के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्रदीप शर्मा को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, शिकायत में मारपीट और विवाद का जिक्र है, लेकिन यौन शोषण या ‘बैड टच’ जैसी कोई शिकायत नहीं की गई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


