समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली करने का गंभीर आरोप लगाया। पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा फर्जी वोट बनाने में लगी हुई है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपवित्र करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा के लोग या अधिकारी-कर्मचारी वोटर लिस्ट में हेराफेरी करते पाए गए तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध में एफआईआर का प्रारूप समाजवादी पार्टी के सभी बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और बूथ प्रभारियों को भेजा जा रहा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि SIR प्रक्रिया दरअसल एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) की तरह काम कर रही है। उन्होंने कहा, “जो काम गृह मंत्रालय का था, उसे भाजपा सरकार चुनाव आयोग से करा रही है।” उन्होंने मतदाता सूची में जारी विसंगतियों पर सवाल उठाते हुए बताया कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में कुल मतदाता 12 करोड़ 56 लाख हैं, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची में केवल ग्रामीण क्षेत्रों में ही 12 करोड़ 69 लाख मतदाता हैं। शहरी मतदाताओं को जोड़ने पर यह संख्या 17 करोड़ से अधिक हो जाती है। उन्होंने पूछा, “जब मतदाता सूची बनाने वाले बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) और कर्मचारी वही हैं, तो आंकड़ों में इतना बड़ा अंतर क्यों?” अखिलेश यादव ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद स्वीकार किया है कि लगभग चार करोड़ वोट कट रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा द्वारा मतदाता सूची में हेराफेरी का प्रमाण बताया और आरोप लगाया कि भाजपा PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के वोट काटकर फर्जी वोट जोड़ने की साजिश रच रही है। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने प्रदेश की जनता से भाजपा की साजिशों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के साथ नहीं है। उन्होंने भाजपा पर भूमाफिया की भूमिका में होने, गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने, तथा हर विभाग में चरम भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का पता नहीं चलेगा। ऑडिटर, सहायक लेखाकार, लेखा परीक्षक के अभ्यर्थियों ने ज्ञापन सौंपा मंगलवार को अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान ऑडिटर, सहायक लेखाकार, लेखा परीक्षक के अभ्यर्थियों ने ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने बताया कि PET-2022 के माध्यम से ऑडिटर के 530 पदों पर 2023 में विज्ञापन जारी किया गया था। मुख्य परीक्षा पूर्ण होने के साथ ही 1 से 7 अगस्त तक अभिलेख परीक्षण (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) भी हो चुका है, लेकिन अभी तक अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया है। इसी तरह PET-2023 से सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक के 1828 पदों के लिए विज्ञापन जारी हुआ, जिसकी परीक्षा पूरी हो चुकी है और अभिलेख परीक्षण प्रक्रिया चल रही है। लोहड़ी की दी बधाई अखिलेश यादव ने पूरे देशवासियों को पावन पर्व लोहड़ी की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि लोहड़ी का त्योहार हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति गहरी आस्था और कृतज्ञता का भी उत्सव है। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पंजाबी समाज के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ महामंत्री, लखनऊ व्यापार मंडल पवन मनोचा ने अखिलेश यादव से शिष्टाचार भेंट की। मनोचा ने लोहड़ी की बधाई देते हुए उन्हें रेवड़ी और मिठाई भेंट की। कार्पेट पर बना सपा का झंडा किया भेंट नव-वर्ष की शुभकामनाएं देने भदोही से पहुंचे समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष कामिल अंसारी ने अखिलेश यादव को उपहार स्वरूप भदोही का प्रसिद्ध हस्तनिर्मित कालीन भेंट किया। इस कालीन की खासियत यह है कि इसमें समाजवादी पार्टी के झंडे के रंग (लाल-हरे), पार्टी का चुनाव चिन्ह साइकिल तथा पार्टी का नाम बेहद सुंदर और कलात्मक ढंग से बुना गया है।


