धोलापानी थाना क्षेत्र के सियाखेड़ी गांव में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा सोमवार रात को हुआ। मृतक की पहचान सियाखेड़ी निवासी कालूराम (80) पुत्र भुराजी गाड़िया लोहार के रूप में हुई है। टक्कर से घायल हो गए थे बुजुर्ग जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे कालूराम रोज की तरह हाथ-मुंह धोने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान सड़क पर तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कालूराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और 108 एंबुलेंस बुलाई। घायल कालूराम को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल प्रतापगढ़ ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बेटे ने दी रिपोर्ट शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां परिजन एकत्र हुए। मृतक के पुत्र टिका गाड़िया लोहार ने पुलिस को घटना की रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसआई राधाकिशन ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।


