प्रयागराज जंक्शन और छिवकी स्टेशन पर चला टिकट चेकिंग अभियान:बिना टिकट 588 यात्रियों से 3.56 लाख जुर्माना वसूला

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए प्रयागराज जंक्शन व छिवकी स्टेशनों पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस दो दिवसीय अभियान (11-12 जनवरी) में 588 यात्रियों से कुल 3,56,250 रुपए का जुर्माना वसूला गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में चले इस अभियान का नेतृत्व मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल (प्रयागराज जंक्शन) व सहायक वाणिज्य प्रबंधक पंकज त्रिपाठी (प्रयागराज छिवकी) ने किया। मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक दिवाकर शुक्ला व मुख्य टिकट निरीक्षक/रेड संतोष कुमार के नेतृत्व में 30 टिकट चेकिंग कर्मियों, आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म, ट्रेनों, प्रवेश-निकास द्वारों व प्रतीक्षालयों की गहन जांच की। अभियान में 167 बिना टिकट यात्रियों से 1,47,650 रुपए व 421 अनियमित यात्रियों से 2,08,600 रुपए वसूले गए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/कोचिंग ने कहा कि इसका उद्देश्य जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि टिकट लेने की आदत डालना व रेल सेवाओं को सुरक्षित-अनुशासित बनाना है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वैध टिकट लें, कूड़ा दान में डालें व स्वच्छता बनाए रखें। इससे रेलवे का विकास होगा व यात्रा सुविधाजनक बनेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *