कैथल में सीवन थाना के तहत आने वाले एक गांव में करीब 25 वर्षीय विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने उसके पति पर उसके साथ मारपीट करने, झगड़ा करने, घर से बाहर निकलने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने सीवन पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अप्रैल में शादी हुई महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2025 में प्रीतपाल नामक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक तो आरोपी ने उसे ठीक-ठाक रखा, लेकिन बाद में दहेज में रुपए लाने की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगा। उसके साथ बार-बार मारपीट करता था और बुरी तरह से पीटते हुए उसे जान से मारने की धमकी देता था। समझाने पर नहीं माना उसने कई बार आरोपी को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी कहता था कि वह उसके साथ घर नहीं बसाएगा। शिकायतकर्ता नहीं कहा कि उसे लगातार कई महीने तक शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सीवन थाना एसएचओ पारस कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला के पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


