Suniel Shetty Video: फूट-फूटकर रोए सुनील शेट्टी, ‘बॉर्डर 2’ में एक इच्छा रह गई अधूरी, बोले- काश मैं…

Suniel Shetty Emotional: सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी किसी फिल्म को लेकर नहीं बल्कि अपने बेटे की आने वाली फिल्म बॉर्डर 2 को लेकर सुर्खियों में हैं। साल 1997 में जब ‘बॉर्डर’ रिलीज हुई थी, तो भैरव सिंह के किरदार में सुनील शेट्टी ने हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया था। अब करीब 29 साल बाद, जब इस ऐतिहासिक फिल्म का सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ रिलीज के लिए तैयार है, तो इसमें उनके बेटे अहान अहम किरदार निभा रहे हैं।

ऐसे में 12 जनवरी को मुंबई में फिल्म के तीसरे गाने ‘जाते हुए लम्हों’ के लॉन्च इवेंट के दौरान सुनील शेट्टी अपने बेटे अहान शेट्टी के साथ पहुंचे, वहीं वह खूब रोए। साथ ही उन्होंने एक अपनी इच्छा भी बताई है जो अधूरी रह गई है।

सुनील शेट्टी का रोते हुए वीडियो वायरल (Suniel Shetty Emotional Video)

बॉर्डर 2 के इवेंट के दौरान अहान शेट्टी को फौजी की वर्दी में देखकर सुनील शेट्टी की आंखों से आंसू आ गए। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “इतनी बड़ी फिल्म का हिस्सा बनना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। जब अहान इस फिल्म की तैयारी कर रहा था, तब मैंने उससे एक ही बात कही थी, “बेटा, यह सिर्फ एक यूनिफॉर्म नहीं है, यह एक अहसास है।”

सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि आज अगर हमारा देश प्रगति और साहस के लिए जाना जाता है, तो इसका श्रेय उन जांबाज सैनिकों और अफसरों को जाता है जो सरहद पर खड़े हैं। उन्होंने भरे गले से सेना के जवानों का शुक्रिया अदा किया और अहान से कहा कि वह जो भी काम करे, उसे पूरे दिल से करे।

सुनील शेट्टी की रह गई अधूरी ये इच्छा (Jaate Hue Lamhon song from Border 2 out now)

मंच पर जब सुनील शेट्टी ने अपनी पुरानी फिल्म ‘बॉर्डर’ का मशहूर ‘शक्ति मां’ वाला डायलॉग दोहराया, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस मौके पर उन्होंने फिल्म की मेकर निधि दत्ता की भी जमकर तारीफ की। सुनील ने कहा, “निधि मेरी छोटी बेटी की तरह है। उसने इतनी बड़ी फिल्म को लिखा, उसे बनाया और उसमें अहान को मौका दिया, यह कोई छोटी बात नहीं है।” वहीं आगे सुनील शेट्टी ने कहा की काश में भी फिल्म का हिस्सा होता, अगर मैं मरता नहीं तो।

क्या पुराने कलाकार भी आएंगे नजर? (Border 2 Release Date)

फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या पुरानी ‘बॉर्डर’ की स्टारकास्ट फिर से दिखेगी? खबरों की मानें तो फिल्म में सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना और सुदेश बेरी का एक स्पेशल कैमियो (छोटा रोल) होगा। बताया जा रहा है कि उनके जवानी के दिनों के कुछ फ्लैशबैक सीन दिखाए जाएंगे, जिसकी शूटिंग इन सितारों ने पहले ही पूरी कर ली है।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ में इस बार सनी देओल के साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 23 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस से 2 दिन पहले सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अहान शेट्टी के लिए यह फिल्म उनके करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *