झांसी में सर्दी और घने कोहरे के चलते झांसी रेल मंडल में ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा से घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी है। झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है, जिससे ट्रेनों के सुरक्षित संचालन में परेशानी आती है। इसी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी। स्पीड कम किए जाने के कारण झांसी रेल मंडल से गुजरने वाली कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। रेल अधिकारियों के अनुसार मौसम में सुधार होने के बाद ट्रेनों की रफ्तार को फिर से सामान्य किया जाएगा। मंडल में है 130KM प्रतिघंटा की रफ्तार रेलवे अधिकारियों के अनुसार झांसी रेल मंडल में धौलपुर से लेकर बीना तक ट्रेनों की अधिकतम अनुमत गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा है। वहीं दिल्ली से आगरा रेल मंडल के बीच कई ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से संचालित होती हैं। सर्दी और घने कोहरे के चलते फिलहाल झांसी रेल मंडल में ट्रेनों की गति घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है। स्पीड कम होने से लेट हो रहीं ट्रेन ट्रेनों की रफ्तार कम किए जाने का सीधा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। कई ट्रेनें देरी से झांसी पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को गलन भरी सर्दी में झांसी स्टेशन पर रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं स्टेशन परिसर के बाहर ठंड से बचने के लिए लोग अलाव के सहारे रात काटते नजर आ रहे हैं।


